इमरान अहमद
गोंडा।जिले के वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के पंचायतों में रहने वाले आजादी के रणबांकुरों की यादें जेहन ताजा रखने के उद्देश्य से विकासखंड कार्यालय प्रांगण में शहीद स्मारक की पट्टिका बनाकर उनके नामों का सिलापट लगा दिया गया है ताकि आने वाली पीढ़ियों को इन रणबांकुरों के इतिहास की जानकारी रहे।
विकासखंड क्षेत्र की आधा दर्जन से ज्यादा ग्राम पंचायतों के निवासियों ने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लेकर अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा संभाला था। देश के आजाद होते ही इन सभी रणबांकुरों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का दर्जा दिया गया। इनके स्मारक गांव में तो नहीं बन सकें हैं। लेकिन लोगों के जेहन में इनके संघर्ष याद बने रहे। इसके लिए ब्लॉक कार्यालय में शहीद स्मारक की पट्टिका बनाकर इन रणबांकुरे के नाम सिलापट में अंकित कराकर स्थापित करा दिए गए हैं।
इस सिलापट में सेहरिया के दशरथ सिंह, राम प्यारे आर्य वजीरगंज, चंदापुर धर्मपुर के राम नरेश तिवारी, सेहरिया के राजाराम सिंह, खिरिया के संतबहादुर सिंह, चंदापुर हबेलिया के मंगल सिंह , नयपुर के सूरत सिंह, सेहरिया के गल्हू सिंह, वजीरगंज कस्बा के राम सुंदर सिंह, वजीरगंज के बलिराज, वजीरगंज के बद्री प्रसाद, पयागपुर ओमप्रकाश, वजीरगंज की गंगा देवी उर्फ ज्ञान मती, रमचेरापुर की राम प्यारी, रमचेरा पुर के शीतल देव व सेहरिया के राम अभिलाख के नाम अंकित है। इस शहीद स्मारक में स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, शहीद दिवस, गांधी जयंती के मौके पर ध्वजारोहण किया जाता है।

