गोंडा।गुरुवार को जिला जज अनीता राज ने स्थानीय पंतनगर स्थित वृद्धाश्रम व जिला अस्पताल स्थित वन स्टाप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जिला जज ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से उनके भोजन, स्वास्थ्य व रहने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम की पाकशाला व भंडारगृह का निरीक्षण किया। पाकशाला व शौचालय में सफाई की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए केयरटेकर को निर्देशित किया। जिला जज ने बुजुर्गों को मौसम जनित बीमारियों से भी बचाव के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी।

उन्होंने प्रभारी को वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम के कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए जिला जज ने कहा कि वृद्धजनों की देखभाल में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वृद्धाश्रम के केयरटेकर विशाल सिंह ने बताया कि वर्तमान में कुल 54 वृद्धजन वृद्धाश्रम में हैं। इसके बाद जिला जज ने वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन स्टाप सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं एवं बच्चियों की समस्याओं के निवारण के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा की। वन स्टाप सेंटर पर जिला जज ने कर्मचारियों को प्रपत्रों को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने निर्देशित करते हुए कहा कि जिन महिलाओं एवं बच्चियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उनके मामलों को चिन्हित करके प्रभावी पैरवी की जाये। निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा रूंगटा सहित वृद्धाश्रम व वन स्टाप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।

