बलरामपुर।श्रीदत्तगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुद बीमार हालात में है। बरसात के दिनों में अस्पताल के मुख्य द्वार से लेकर परिसर के भीतर तक हर तरफ जलभराव और कीचड़ का आलम है। मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही गंदगी,फिसलन और बदबू से जूझना पड़ रहा है। 24 घंटे प्रसव और आपातकालीन सेवाएं देने का दावा करने वाला यह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इन दिनों खुद अपने रास्ते की खराब हालत से कराह रहा है।

हल्की बारिश के बाद ही अस्पताल का प्रवेश द्वार पानी से लबालब भरा हुआ है। जगह-जगह कीचड़ और दलदल जैसे हालात हैं। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जैसे-तैसे फिसलते हुए अस्पताल पहुंचते हैं। स्थानीय निवासी बताते हैं कि यह समस्या कोई नई नहीं है। बरसात आते ही हर साल अस्पताल परिसर की यही दुर्दशा हो जाती है, लेकिन कभी कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका। जब इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक आनंद त्रिपाठी से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, “यह समस्या वर्षों पुरानी है नाली नही होने से पानी जमा हो जाता है जिससे उसके बीच बढ़ा सा गड्डा बन गया है। वहीं इलाके के लोगों और तीमारदारों की मांग है कि अस्पताल के रास्ते को शीघ्र दुरुस्त किया जाए ताकि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को और ज्यादा बीमार न होना पड़े।

