गोण्डा।गोंडा में पुलिस ने छिनैती के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी किशन कुमार श्रीवास्तव को कचहरी रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल और 2500 रुपए बरामद किए गए।
घटना 25 जून को हुई थी। नेपाल के कपिलवस्तु के रहने वाले बबुल्ला जोल्हा अपनी बेटी के साथ गोंडा रेलवे स्टेशन के बाहर थे। तभी अपाचे बाइक पर सवार एक व्यक्ति ने उनकी बेटी का पर्स छीन लिया और फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नगर आनंद कुमार राय के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी किशन कुमार श्रीवास्तव सिविल लाइन का रहने वाला है। उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तारी में उप निरीक्षक अंकित उपाध्याय,हेड कांस्टेबल अजय पांडेय और कांस्टेबल विजय कुमार की टीम शामिल थी। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में धारा 309(6) और 317(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

