गोंडा।पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में इटियाथोक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना इटियाथोक के उपनिरीक्षक शम्भू तिवारी ने 25 जून को क्षेत्र भ्रमण के दौरान सिसई बहलोलपुर में पक्के बाबा मजार के पास से आरोपी को पकड़ा। आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार चौरासिया उर्फ ननके के रूप में हुई। वह नरौना भर्रापुर का रहने वाला है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब डेढ़ महीने पहले बाराबंकी कचहरी से हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना इटियाथोक में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में पहले से बाराबंकी कोतवाली में भी एक मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक शम्भू तिवारी और कांस्टेबल अमित कुमार की टीम शामिल थी। आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।

