वीरेंद्र सिंह सेंगर
मुरादगंज औरैया।जिले की अजीतमल कोतवाली पुलिस ने तहसीलदार जितेश वर्मा व क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार की मौजूदगी में मुरादगंज हाईवे पर संचालित ओयो होटल में रविवार को सरकारी ताला लगा दिया। और होटल संचालक गौरव कुशवाहा व मैनेजर संदीप दूबे से पुलिस पूछतांछ करने में लगी है।
ओयो होटल का कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की सूचना वायरल हो रहीं थीं। होटल में सरकारी ताला लगाने के बाबत क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक सूचना वायरल हो रही थी। वायरल सूचना में दर्शाया गया था कि ओयो होटल में नाबालिगों को ले जाकर उनका शोषण किया जाता है। जिसके संबंध में उन्होंने बताया कि 14 अगस्त 2024 को मुरादगंज हाईवे पर स्थित ओयो होटल पर एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। 22 अगस्त को पीड़िता के परिवारीजनों ने पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। ओयो होटल में 2021 से 14 अगस्त 2024 तक अपराध होना अंकित किया गया है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। साक्ष्य संकलन के आधार पर ओयो होटल पर कार्रवाई की गई है। होटल को सील करने के दौरान तहसीलदार जितेश वर्मा, क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, कोतवाल राजकुमार सिंह उपस्थित रहे।

