बेला।औरैया-कन्नौज व बिधूना-कानपुर मार्ग पर अतिक्रमण से लोगों का चलना दूभर हो गया है।तमाम शिकायतों के बावजूद भी स्थानीय प्रशासन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।कस्वा बेला के चौराहे के चारो मुख्य मार्गो पर 1 किमी की दूरी तक का मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने की वजह से आए दिन इस मार्ग पर राहगीर हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़क के दोनों तरफ से दुकान और अस्थायी निर्माण कर अतिक्रमण कर रखा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 91ए पर अतिक्रमण होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। मंडी रोड के पास से चौराहे तक व तिर्वा रोड पर इंटर कालेज से चौराहे तक ठेलियां ,पेटिया स्थायी तरीके से लगने लगी हैं। इस मार्ग पर लगी ठेलियों का आलम यह है कि आधा मार्ग बंद हो जाता है। और आए दिन जाम की समस्या बन जाती है।

जाम में फंसे लोग जब भी दुकानदारों से ठेले हटाने को कहते हैं तो वह मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। इन दुकानदारों की बदसलूकी के चलते कोई इनका विरोध नहीं कर पाता है। परिणाम तो यह है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। अतिक्रमण की शिकायत स्थानीय लोगों ने जिले के प्रशासनिक अफसरों के साथ ही मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की।बावजूद इसके अभी तक अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई है। अतिक्रमण की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में भी कई बार की जा चुकी है। इसके बाद भी अतिक्रमण की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
फुटपाथ की जगह पर वसूल रहे हैं किराया विमल दुबे
सड़कों पर स्थायी दुकानदार अपने सामने रोड पर दुकान लगवा रहे हैं। स्थायी दुकानदार रोड पर लगी दुकानों से 50-100 रुपये प्रतिदिन वसूल रहे हैं। जगह कम होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार मूकदर्शक बने हुए हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार ने बताया कि पूर्व में भी उनके द्वारा कई अतिक्रमण करियो के चालान किये गए है व चेतावनी भी दी गयी है। आचार संहिता हटने के बाद अतिक्रमणकारियों पर कार्यवाही होगी।

