मुश्ताक अहमद
गोंडा।धूप और तपिश के बीच शुरु हुए रोजे में सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। डाक्टरों का कहना है कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है। खानपान को लेकर सजग रहें।
ब्लड प्रेशर और शुगर के रोगी बरते एहतियात
चिकित्सक डाक्टर अख्तर हुसैन कहते हैं कि खट्टे फल, हरी सब्जियां, इम्यूनिटी बढ़ाने में सहायक है। ब्लड प्रेशर और शुगर के रोगियों को नियमित दवा और डाक्टरी सलाह लेनी चाहिए। मधुमेह रोगियों के लिए सहरी करना बहुत जरूरी है। सहरी में मल्टीग्रेन, ओट्स, दलिया, फल और हरे सलाद का अधिक इस्तेमाल करें। ब्लड प्रेशर के रोगियों को इफ्तार में कम नमक वाले खाद्य पदार्थ लेने चाहिए।
ऐसे बढ़ाएं इम्यूनिटी
बकौल डाक्टर अख्तर हुसैन विटामिन सी के लिए रोजाना खट्टे फल, संतरा और अंगूर आदि जबकि विटामिन ए,विटामिन सी,विटामिन ई,और फाइवर के लिए हरी सब्जियों का प्रयोग करें। ब्लड प्रेशर सामान्य करने और धमनियों को सख्त होने से रोकने के लिए लहसुन और संक्रमण से लड़ने के लिए हल्दी का प्रयोग करें। खांसी गले में खराश और सूजन में अदरक प्रभावी है।
ये लक्ष्ण दिखे तो डाक्टर की सलाह लें
यदि रोजे में अचानक तेजी से पसीना आये,दिल की धड़कन तेज हो, घबराहट,बेचैनी या अचानक चक्कर आने,बेहोशी,भूख न लगने और अचानक जी घबराने की शिकायत हो तो तुरंत चिकित्सक को दिखाएं।सहरी से पहले,सहरी के कुछ घंटे बाद,दोपहर में,इफ्तार से दो घंटे पहले और इफ्तार के बाद शुगर की जांच करानी चाहिए। यदि शुगर लेबल नार्मल से कम हो तो तुरंत रोजेदार डाक्टर से परामर्श करें।

