गोंडा।सूबे के अध्यापकों की कई वर्ष से लम्बित समस्याओं का निदान न होने से उत्तेजित अध्यापकों ने विरोध जताया है। विभाग ने बिना सरकारी सिम व डाटा की व्यवस्था किए जबरन थोपी जा रही डिजिटलाइजेशन व्यवस्था का पूर्ण बहिष्कार उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा किया जा रहा है।
शुक्रवार को बीआरसी बेलसर में प्रांतीय लेखाकार राजेश कुमार शुक्ल के नेतृत्व में शिक्षकों ने अपने हाथ में काली पट्टी बांध कर विभाग तथा शासन की जबरिया नीति के विरुद्ध जमकर विरोध जताया और प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रांतीय लेखाकार राजेश शुक्ल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा पूर्ण संसाधन दिए बगैर पंजिकाओं का डिजिटलाइजेशन किए जाने का दबाव बनाया जा रहा है। जो बिना हमारी सभी सामूहिक शिक्षक समस्याओं का निदान किए व सरकारी सिम के कतई स्वीकार योग्य नहीं है। शुक्ल ने बताया कि इसी संदर्भ में उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष योगेश त्यागी के निर्देश पर गोण्डा अध्यक्ष अशोक पांडेय के नेतृत्व में डिजिटाइजेशन व्यवस्था के विरोध स्वरूप दिनांक -01 मार्च से 05 मार्च 2024 तक सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहते हुए हाथों में काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे और शिक्षकों की औचित्य पूर्ण मांगों को पूरा किये जाने तथा पूर्ण संसाधन दिए जाने तक इस व्यवस्था को वापस लिए जाने की मांग को लेकर दिनांक 11 मार्च 2024 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। जिसमें जिले के हजारों शिक्षक शिक्षिकाएँ सम्मिलित होंगे, इस विरोध प्रदर्शन के अवसर पर अटेवा मंत्री भोलानाथ यादव, युवा शिक्षक नेता जितेन्द्र पांडेय, अनिल मिश्र ज्ञानेंद्र सिंह, अमित मिश्र, सुरेन्द्र दत्त राम, भरत राम विश्वकर्मा व तमाम शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

