इक़बाल शाह
गोण्डा।पुलवामा हमले की बरसी पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इंकलाब फाउंडेशन के अध्यक्ष अविनाश सिंह की अगुवाई में बुधवार शाम गांधी पार्क में कैंडल जलाकर मौन रखा गया। जहां युवाओं ने नम आंखो से बलिदानियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। टीम के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कहा कि वीर सैनिकों की वजह से ही देश का आम नागरिक सुरक्षित सांस ले पा रहा है।

14 फरवरी 2019 को पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी हमलों में 40 जवान शहीद हुए थे। इस पर केबी सिंह व विजय सिंह कारगिल ने कहा कि पुलवामा हमले की घटना और शहीद हुए जवानों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। पूरा देश उस घटना को याद कर भावुक हो जाता है। साथ ही उन्होंने अपील की पाश्चात्य त्योहार जैसे वैलेंटाइन डे को न अपनाकर अपनी संस्कृति और संस्कारों को अपनाएं। परसपुर विकास मंच के अध्यक्ष डॉ अरुण सिंह व अजेय विक्रम सिंह ने कहा कि 14 फरवरी 2019 का वह काला दिन है जब पुलवामा मे भारतीय सुरक्षाकर्मियों को ले जाने वाले सीआरपीएफ के काफिले पर हमला हुआ।

फाउंडेशन ने श्रद्धांजलि सभा में अर्द्धसैनिक बलों की पुरानी पेंशन बहाली व शहीद का दर्जा दिलाने की मांग की है। अटेवा जिलाध्यक्ष अमर यादव ने कहा शहीदों की सच्ची श्रद्धांजलि उनकी पुरानी पेंशन बहाल करके ही होगी। इस अवसर पर एलबीएस मुख्य नियंता प्रोफेसर आरबी सिंह बघेल, समाजसेवी मसूद आलम खां, प्रत्युष राज,अजीत सिंह सलूजा, अभय श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, दिलीप जयसवाल, अरुण सिंह, केबी सिंह, अजेय विक्रम सिंह आदि रहे ।

