गोण्डा।पुलिस ने मंगलवार को एसपी विनीत जायसवाल के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत ‘रन फॉर एंपावरमेंट’ का आयोजन किया। इस दौड़ में मिशन शक्ति टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने महिला अधिकारियों के नेतृत्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया जिसका उद्देश्य महिला सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता फैलाना था।
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ कचहरी, अंबेडकर चौराहा और एनसीसी कार्यालय होते हुए यातायात कार्यालय पर समाप्त हुई। इसका मुख्य लक्ष्य समाज में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना और आमजन को मिशन शक्ति अभियान से जोड़ना था।
मुख्यमंत्री द्वारा 22 सितंबर 2025 को शारदेय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के पाँचवें चरण का शुभारंभ किया गया था। इसके अनुपालन में पुलिस द्वारा लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत सभी थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाओं को सुरक्षा, सहायता और परामर्श की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।
एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय कर सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और बाजारों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जा रही है। साथ ही, महिला पुलिसकर्मी स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं जैसे 1090, 181, 112, 108 के बारे में जानकारी दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और गोण्डा पुलिस इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने जनसहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सभी वर्गों को महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण में सहयोग देना चाहिए।
आने वाले दिनों में भी गोण्डा पुलिस मिशन शक्ति अभियान के तहत जनसंवाद, साइबर सुरक्षा जागरूकता शिविर और वाद-विवाद प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम आयोजित करेगी ताकि मिशन शक्ति अभियान 5.0 के उद्देश्यों को पूर्ण रूप से साकार किया जा सके। गोण्डा पुलिस की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा, सम्मान और समानता का सशक्त संदेश देती है।

