उमरी बेगमगंज,गोंडा।जनपद गोंडा के विकासखंड बेलसर के अंतर्गत ग्राम पंचायत बरौली के मजाल तालाब (गाटा संख्या 1920 एम) में अचानक गंदा पानी आने से भारी नुकसान हुआ है। यह तालाब वर्ष 2023 में मत्स्य जीवी सहकारी समिति लिमिटेड, परासपट्टी पुरवार (विकासखंड बेलसर) के सचिव लक्ष्मी प्रसाद को सात हेक्टेयर क्षेत्र में मत्स्य पालन हेतु पट्टे पर दिया गया था।

बीते मंगलवार की रात अचानक अज्ञात स्थान से गंदा पानी तालाब में आ गया। इसके कारण तालाब में पाली जा रही लगभग 30 से 35 कुंतल मछलियां मर गईं। घटना से समिति को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
समिति के एक सदस्य बाबू ने बताया कि पानी आने के कुछ ही देर बाद मछलियां सतह पर तैरने लगीं और देखते ही देखते बड़ी संख्या में मर गईं। इस घटना की जानकारी जल्द ही एसडीएम को दी जाएगी, ताकि जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।

