बलरामपुर।थाना गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के फकीरापुर गांव से स्कूल जाने के लिए निकली चार किशोरियां अचानक लापता हो गईं, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। लेकिन पुलिस की सक्रियता और तेज़ कार्रवाई से महज 24 घंटे में सभी लड़कियों को बरेली से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार वादी बृजलाल गौतम ने 25 जुलाई को थाना गैड़ास बुजुर्ग पहुंचकर शिकायत दी कि उसकी बेटी कुशमा देवी (17) अपनी तीन सहेलियो अंजनी देवी (16) मीना देवी (16) और सोहानी यादव (17) के साथ 24 जुलाई की सुबह 8 बजे स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी,लेकिन देर शाम तक कोई जानकारी नहीं मिली।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर टीम गठित की। गांव पिरैला माफी से लेकर चमरूपुर व महदेइया बाजार तक लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में बच्चियों की लोकेशन ट्रेस की गई। महदेइया में उन्हें एक ऑटो में जाते देखा गया। जांच में ऑटो चालक प्रमोद कुमार का पता चला, जिसने बताया कि उसने चारों लड़कियों को 24 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन पर छोड़ा था।
गोंडा स्टेशन के सीसीटीवी और टिकट काउंटर से पूछताछ के दौरान पता चला कि सभी छात्राएं प्लेटफॉर्म नंबर 4 से सुशासन एक्सप्रेस (22200) से बरेली के लिए रवाना हुई थीं। इसके बाद पुलिस की टीम ने सर्विलांस की मदद से बरेली में लोकेशन ट्रेस की और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को 25 जुलाई को सुबह 11 बजे के करीब सकुशल बरामद कर लिया।
फिलहाल चारों किशोरियों को वापस लाया जा रहा है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी मदद से इस मामले का सफल निपटारा हुआ,जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।

