मुश्ताक अहमद
गोंडा।रामनगरी से बलरामपुर तक सफर करने वालों के लिए राहत भरी खबर है।अब अयोध्या-गोंडा हाईवे को बलरामपुर जिले तक सिक्सलेन में बदला जाएगा।इसके साथ ही इस महत्वपूर्ण मार्ग को गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे से भी जोड़े जाने की तैयारी है।इस परियोजना से न केवल देवीपाटन मंडल बल्कि पड़ोसी मुल्क नेपाल से अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन को आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
मौजूदा समय में अयोध्या,गोंडा-बलरामपुर मार्ग दो लेन का है और कई स्थानों पर डिवाइडर तक नहीं है।गड्ढों से भरा यह मार्ग वर्तमान में भारी ट्रैफिक का दबाव झेल रहा है।रामलला का मंदिर बनने के बाद से इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही में काफी इजाफा हुआ है,जिससे दुर्घटनाओं की आशंका रहती है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अयोध्या खंड ने पहले अयोध्या से गोंडा तक सिक्सलेन सड़क बनाने की कार्ययोजना तैयार की थी। अब इस योजना को और विस्तार देते हुए इसे बलरामपुर तक ले जाने की तैयारी कर ली गई है।
एनएचएआई अयोध्या खंड के अधिशासी अभियंता एसके मिश्र के मुताबिक,योजना को अनुमोदन के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजा गया है।मंत्रालय की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि सिक्सलेन सड़क के लिए लगभग 90 मीटर चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। इसके बाद करीब 30 से 40 मीटर चौड़ी डिवाइडरयुक्त सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
इस सड़क के निर्माण से अयोध्या,गोंडा और बलरामपुर के साथ-साथ नेपाल राष्ट्र के श्रद्धालुओं, यात्रियों और व्यापारियों को आवागमन में आसानी होगी। साथ ही यह मार्ग क्षेत्रीय विकास और धार्मिक पर्यटन को भी गति देगा।
परियोजना को लेकर इलाकाई लोगों में खुशी है।उनका कहना है कि वर्षों पुरानी इस मांग की पूर्ति से अब यात्रा न केवल आसान बल्कि सुरक्षित भी होगी।

