गोंडा।थाना उमरी बेगमगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मुकुंद के मजरा कोंडरी में रविवार को दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे,जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी नवरंग सिंह की तहरीर पर ननकन सिंह,राजबहादुर सिंह,लड्डू सिंह और राजबहादुर की पुत्री पर हमला करने, लाठी-डंडों व थप्पड़ से मारपीट करने और मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से रविशंकर सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि सौरभ सिंह, कालू सिंह, सूरज सिंह और रणजीत सिंह ने रास्ता रोककर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल परीक्षण हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर भेजा गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और गांव में स्थिति सामान्य बनी हुई है।

