कटरा बाजार,गोंडा।मामला थाना कटरा बाजार क्षेत्र के लालपुर गांव के गोंसाई पुरवा से जुड़ा है जहाँ रविवार देर रात एक 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका सोनिया ने कथित रूप से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली,लेकिन मायके वालों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मायके वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
मृतका के पिता हरिशंकर गोस्वामी जो कौड़िया थाना क्षेत्र के झौहना गांव के निवासी हैं,उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि पांच वर्ष पूर्व अपनी बेटी सोनिया की शादी गोंसाई पुरवा निवासी मनीष से की थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले सोने की चेन और नकद रुपये की मांग करने लगे। हरिशंकर के मुताबिक उनकी बेटी को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार ससुराल वालों द्वारा मारपीट और गाली-गलौज की शिकायतें भी सोनिया ने अपने मायके वालों से की थीं। रविवार की रात लगभग 11 बजे मृतका के पति मनीष ने सोनिया के मायके वालों को फोन कर बताया कि सोनिया ने छत के हुक से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली है। यह सुनकर मायके पक्ष के लोग तत्काल ससुराल पहुंचे। हरिशंकर गोस्वामी ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य बिल्कुल अलग था। सोनिया का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। वहां न तो कोई रस्सी मिली और न ही साड़ी का टुकड़ा जिससे फांसी लगाने की बात कही गई थी। इससे मायके वालों को गहरी आशंका हुई कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी करनैलगंज और कटरा बाजार थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिवार के लोगों से पूछताछ की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की सटीक पुष्टि हो सकेगी।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ थाना कटरा बाजार में लिखित तहरीर दी है,जिसमें उन्होंने अपनी बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि शादी के पांच साल में उनकी बेटी ने कई बार फोन पर दहेज की मांग और प्रताड़ना की बातें बताई थीं।हरिशंकर ने अपनी तहरीर में लिखा कि ससुराल वाले उनकी बेटी को अक्सर मारते-पीटते थे और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देते थे। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ही उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर दहेज हत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।सीओ करनैलगंज ने कहा कि “मामला गंभीर है। हम सभी बिंदुओं पर जांच कर रहे हैं। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि मौत के असली कारण का पता चल सके। आरोपियों के खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।

