सुधीर पांडेय
गोण्डा।दीनदयाल शोध संस्थान लाल बहादुर शास्त्री कृषि विज्ञान केंद्र, गोपाल ग्राम,गोंडा के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में किया गया। यह कार्यक्रम तरबगंज के लोकप्रिय विधायक प्रेम नारायण पांडे के आवास पर आयोजित हुआ, जिसमें लाल नेपियर घास का डेमोंस्ट्रेशन (प्रदर्शन) दिया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत चारा उत्पादन के विषय में जागरूक करना था। पशुपालन वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक मिश्रा द्वारा किसानों को लाल नेपियर की खेती से संबंधित सभी तकनीकी जानकारियाँ दी गईं। उन्होंने बताया कि लाल नेपियर एक उच्च प्रोटीन युक्त, तेजी से बढ़ने वाला और बार-बार कटाई योग्य चारा है, जो विशेष रूप से दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए अत्यंत उपयोगी है।
इस घास की विशेषता है कि यह कम लागत में अधिक उत्पादन देता है और सूखे मौसम में भी टिकाऊ रहता है।कार्यक्रम में उपस्थित विधायक प्रेम नारायण पांडे ने कृषि विज्ञान केंद्र के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि,”कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए जो उन्नत तकनीकें और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, वे वास्तव में सराहनीय हैं। इस प्रकार के आयोजनों से किसानों को वैज्ञानिक जानकारी मिलती है, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव होती है।”इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडे ने भी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पशुपालन एक मजबूत स्तंभ है और लाल नेपियर जैसे पोषक चारे को अपनाकर किसान अपनी आय में बढ़ोतरी कर सकते हैं।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान, महिला किसान, तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की और ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया।

