गोण्डा।गोंडा में बाल श्रम की रोकथाम के लिए पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी मनोज कुमार रावत के मार्गदर्शन में एएचटी टीम ने शहर की दुकानों और होटलों की जांच की।
टीम ने दुकानदारों को बाल श्रम रोकथाम की सरकारी नीतियों से अवगत कराया। उन्हें चेतावनी दी गई कि बच्चों से काम कराते पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बच्चों को जागरूक किया गया। लोगों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें महिला हेल्पलाइन (1090),आपातकालीन सेवा (112), महिला सहायता (181),मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076),चाइल्ड लाइन (1098),एम्बुलेंस सेवाएं (102/108) और साइबर हेल्पलाइन (1930) शामिल हैं।
एएचटी प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि अगर कहीं बच्चे काम करते दिखें तो चाइल्ड लाइन या पुलिस को सूचित करें।पुलिस ने बताया कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।

