बलरामपुर।जनपद बलरामपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने मात्र 72 घंटे में खुलासा करते हुए मृतक के सगे भाई समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह रही कि हत्या की साजिश खुद मृतक के भाई ने ही रची थी और वही मामले का वादी भी था।
क्या है मामला?
19 जून को बलरामपुर कोतवाली नगर के मोहल्ला नई बस्ती के पीछे बंधा किनारे झाड़ियों में एक व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजू उर्फ रऊफ (उम्र 40 वर्ष) पुत्र मोहम्मद शफी, निवासी मोहल्ला अलीजानपुरवा के रूप में हुई। सर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका हुई।
मृतक के सगे भाई मारुफ ने पुलिस को तहरीर दी, जिसके आधार पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
72 घंटे की जांच में बड़ा खुलासा
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय व क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम बनाई गई। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस व सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक व फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया।
जांच में यह सामने आया कि हत्या की पूरी साजिश मृतक के भाई मारुफ ने ही रची थी। उसने आफताब उर्फ गुड्डू, अंसार उर्फ रिंकू (दोनों निवासी नौव्वाबाग, बलरामपुर) और वकील यादव (निवासी गोण्डा) को ₹50,000 की सुपारी देकर हत्या करवाई थी।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक राजू नशे का आदी था। वह अक्सर मारुफ से नशे के लिए पैसे मांगता और न देने पर पत्नी और बच्चों को पीटता था। इससे परेशान होकर मारुफ ने राजू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
18 जून की रात आफताब उर्फ गुड्डू उसे नशा करने के बहाने बंधा किनारे झाड़ियों में ले गया, जहां तीनों ने मिलकर लोहे की रॉड व चाकू से उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
क्या-क्या हुआ बरामद?
मुखबिर की सूचना पर चारों अभियुक्तों को नहरबालागंज जाने वाले रास्ते में आम के बाग के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड,चाकू,चार मोबाइल,एक ई-रिक्शा,दो मोटरसाइकिल और ₹42,100 नगद बरामद किए गए।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी
गिरफ्तार अभियुक्त आफताब उर्फ गुड्डू पूर्व में एनडीपीएस एक्ट में बहराइच से जेल जा चुका है, वहीं अंसार उर्फ रिंकू भी आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस सनसनीखेज मामले के सफल खुलासे में थाना कोतवाली नगर पुलिस व सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह सहित करीब 20 पुलिसकर्मी इस ऑपरेशन में जुटे रहे।
पुलिस ने चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, साथ ही मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।

