गोंडा।गोण्डा पुलिस ने जमीन हड़पने के लिए फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में यह कार्रवाई की गई।
मामला कोतवाली नगर थाना क्षेत्र का है।चंद्रभान ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके चचेरे भाई गोविंद पिछले 30 वर्षों से लापता हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों ने गोविंद के नाम से फर्जी निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर लिए। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ग्राम गिर्द गोंडा ग्रामीण में स्थित गाटा संख्या 600 की जमीन को हड़पने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में गोविंद उर्फ राजू पुत्र गन्ने और सियाराम वर्मा पुत्र चंद्रिका प्रसाद वर्मा शामिल हैं। दोनों पंडितपुरवा के रहने वाले हैं।
इस मामले में धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।गिरफ्तारी में उप निरीक्षक डिग्री प्रसाद गौतम,हेड कांस्टेबल प्रदीप चौधरी और कांस्टेबल संजय कुमार सोनकर की टीम शामिल थी।

