गोण्डा।तरबगंज थाना क्षेत्र में एक मजदूर के साथ हुई दर्दनाक घटना में कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। खड़ौरा निवासी प्रमोद ने न्यायालय में शिकायती पत्र देकर बताया कि 16 अप्रैल 2025 को सुबह 7 बजे राम सुमिरन,इन्द्रबहादुर और रमेश उसे गेहूं की मड़ाई के लिए ले गए।
मड़ाई के दौरान आरोपियों ने प्रमोद को चलते थ्रेसर में धक्का दे दिया। इस हादसे में उसका बायां हाथ कट गया और अन्य गंभीर चोटें आईं। आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों ने जब आरोपियों से हर्जाने की मांग की, तो उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
प्रमोद ने कई बार थाना तरबगंज में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह एक गरीब मजदूर है और उसके छोटे-छोटे बच्चों के सामने भुखमरी का संकट है। अब न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक के.के. त्रिपाठी ने इस मामले की पुष्टि की है।

