उतरौला,बलरामपुर।जिले के उतरौला कस्बे में लगातार बढ़ रही ई-रिक्शा की तादाद ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर रखा है। ई-रिक्शा चालकों ने यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं और अनियंत्रित संचालन से जाम की समस्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।आलम यह है कि नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे पर दिन में कई बार जाम लगता है।
स्थानीय निवासियों जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, विकास कुमार गुप्ता, महेश कुमार, फजल अब्बास, अकमल जैदी मनीष कुमार सिंह का कहना है कि ई-रिक्शा चालक न तो यातायात नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही उनके चलने के लिए कोई निश्चित रूट तय किया गया है। यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के दौरान ई-रिक्शा चालक सड़क के बीच में या अनियंत्रित स्थानों पर अचानक रिक्शा रोक देते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं का भी खतरा बढ़ता है।
बाजार और मुख्य सड़कों पर ई-रिक्शा की बेतरतीब पार्किंग और अनियमित संचालन से जाम की समस्या लगातार गंभीर हो रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहा, सब्जी मंडी रोड, और अन्य मुख्य मार्गों पर सुबह और शाम के समय ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।
स्थानीय प्रशासन और यातायात विभाग से स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि ई-रिक्शा चालकों के लिए स्पष्ट रूट और नियम निर्धारित किए जाएं। साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर वाहनों की पार्किंग और यातायात संचालन के लिए कड़े दिशा-निर्देश लागू किए जाएं।
उतरौला वासियों का मानना है कि ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जाना चाहिए। इसके अलावा, इस समस्या को हल करने के लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि बाजार और मुख्य सड़कों पर यातायात सुचारू रूप से चल सके।

