लखीमपुर,खीरी।जिले में एक अजब-गजब मामला सामने आया है। यहां एक बाइक फाइनेंस कर्मी के खिलाफ अनोखा मामला दर्ज कराया गया है। बाइक फाइनेंस कर्मी पर आरोप है कि उसने बाइक के लिए लोन लेने वाले व्यक्ति से किस्त की अदायगी न होने पर उसकी बेटी से शादी कराने का प्रस्ताव रख दिया। लड़की के पिता ने कॉल रिकार्डिंग व तहरीर देकर पुलिस से शिकायत की है।

पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट,फाइनेंस कर्मी फरार
भीरा थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वादी द्वारा दर्ज कराये गये एफआईआर में आरोप लगाया है, कि उसने फाइनेंस पर एक बाइक खरीदी थी। अंतिम किस्त की अदायगी में थोड़ा समय लग गया तो फाइनेंसकर्मी आहीम खान ने उसे फोन किया। फोन पर आहीम ने उसे पहले अपमानित करते हुए कहा कि ठीक है किस्त मैं खुद भर दूंगा। तुम अपनी बेटी से मेरी शादी करवा दो। ऐसा न होने पर उसने हमले की धमकी दी। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को कॉल रिकार्डिंग की ऑडियो क्लिप भी दी है। भीरा थाना प्रभारी पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

