मुश्ताक अहमद
गोंडा।जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के बहराइच रोड स्थित जिला परिषद कॉलोनी के पास सोमवार की सुबह टिन शेड लगाने को लेकर दो दुकानदारों के बीच तू-तू-मैं-मैं होने लगी। बात इतनी बढ़ गई कि मामला तू-तू-मैं-मैं से विवाद में तब्दील हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक दुकानदार ने दूसरे दुकानदार की चाकू घोंप कर नृशंस हत्या कर दी। बीच बचाव करने आए दुकानदार का बेटा व भतीजा गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गया।
घायल बेटे व भतीजे को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। हत्या की इस वारदात से जिले में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा है। वहीं परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के तिवारी पुरवा निवासी यासीन(50) वर्ष की बहराइच रोड स्थित जिला परिषद कॉलोनी के पास ही खराद की दुकान है। उसके बगल में गांव के ही निवासी सुल्तान की मांस की दुकान करता है। दोनों ने अपनी दुकान के सामने उसने टिन शेड लगा रखा है। टिन शेड लगाने को लेकर आएदिन दोनों में विवाद होता रहता था।
सोमवार की सुबह यासीन दुकान खोल ही रहा था कि सुल्तान उससे तू-तू-मैं-मैं करने लगा। देखते ही देखते दोनों भिड़ गए। और सुल्तान ने यासीन पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के ताबड़तोड़ हमले से यासीन लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पिता को बचाने दौड़े यासीन के बेटे दानिश व भतीजा मो० रेहान को भी सुलतान ने चाकू से वार कर बुरी तरह से घायल कर दिया।
परिजन तीनों घायलों को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े। अस्पताल पहुंचने से पहले ही यासीन ने दम तोड़ दिया। घायल दानिश व मो० रेहान को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि टिन शेड लगाने को लेकर सुल्तान से आए दिन विवाद होता रहता था।
इसी विवाद को लेकर सोमवार को आरोपी ने चाकू मारकर यासीन की नृशंस हत्या कर दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी सुल्तान के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है।आरोपी को खोजा जा रहा है।

