कटरा बाजार,गोण्डा। स्थानीय थाना क्षेत्र के अन्तर्गत कटरा बाजार के नगर पंचायत के पास स्थित पीपल चौराहे के निकट रात में लगभग दो बजे एक सब्जी की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग अपने तांडव से कई दुकानों को अपने आगोश में ले लिया। आग लगने से दुकानदारों का गाढ़ी कमाई जलकर खाक हो गई लाखों रुपयों का नुक़सान हुआ है।
घटना की सूचना पर विलंब से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। रामदीन की सब्जी की दुकान से शुरू हुई आग ने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानों से उठती लपटों और भारी धुएं के कारण स्थानीय लोग आग बुझाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से आग को और अधिक फैलने से रोका जा सका। हादसे से प्रभावित कई दुकानदारों के रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। वहीं तहसील प्रशासन ने घटना स्थल पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों को भेजकर नुकसान का आंकलन करने का निर्देश दिया है। कटरा बाजार क्षेत्र के विधायक बावन सिंह जिला स्तरीय अधिकारियों से बात करके पीड़ित दुकानदारों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। श्री सिंह ने कहा कि प्रशासन जल्द ही नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर पीड़ितों को आर्थिक सहायता मुहैया करायेगी। इस अग्निकांड की घटना ने क्षेत्र के दुकानदारों की चिंता बढ़ा दी है और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की जा रही है ताकि प्रभावित दुकानदार अपने कारोबार को दोबारा शुरू कर सकें।

