कर्नलगंज,गोण्डा।विकास खंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत पहाड़ापुर बाजार में समस्याओं का अंबार है। बाजार में न सीसी कैमरा लगा न सोलर और न ही स्ट्रीट लाइट लगी है। रात में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था राम के भरोसे है। बाजार में पार्किंग की व्यवस्था न होने व अतिक्रमण के चलते राहगीरों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। यहां न साफ- सफाई की व्यवस्था है और न ही सार्वजनिक शौचालय व पेयजल का इंतजाम हैं। एकाएक छुट्टा पशुएं सड़क पर आ जाने से राहगीर दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। खुली नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है। फायर स्टेशन की भी व्यवस्था नही है। जर्जर बिजली के तार व खंभे दुर्घटना को दावत दे रहे हैं।

अतिक्रमण दुर्घटना का कारण
पहाड़ापुर बाजार में चौराहे के पास एक ओर आटो,बाइकें खड़ी रहती हैं। दूसरी तरफ ई-रिक्शा,ठेला लगाने से राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। व्यवसायी राकेश वैश्य की मानें तो बाजार में समस्याओं का अंबार लगा है,नालियां पटी हुई हैं। अशोक कहते हैं कि दुकान के सामने पटरी पर दुकानदार पूरी तरफ से कब्जा किए हुए हैं। राधेश्याम ने कहा कि बिजली के तार जर्जर होकर लटक रहे हैं। जिससे कभी भी अनहोनी हो सकती है। नजीर अहमद ने कहा कि कभी भी सफाई कर्मी को काम करते नहीं देखा,बाजार में चारों तरफ गंदगी है। कूड़े का ढेर व बजबजा रही नालियां सफाई व्यवस्था की हकीकत बयां कर रही है। राहुल तिवारी ने कहा कि गो-आश्रय केंद्र होने के बावजूद गाय व बैल सड़कों पर घूमते रहते हैं,जिससे दुर्घटना की आशंका बन रहती है। खरीददारी करने आए जव्वाद अहमद ने कहा कि बाजार में सुरक्षा नही है। भीड़ होने पर चोर साइकिल व बाइक उठा ले जाते हैं। बैटरी रिक्शा चालकों की मनमानी से बाजार में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। समाजसेवी धनंजय त्रिपाठी का कहना है कि रात में अंधेरा रहता है और पुलिस की गश्त भी शिथिल रहती है। फुटपाथ पर अतिक्रमण दुर्घटना का कारण बनता है। सूर्यप्रकाश गोस्वामी का कहना है कि बाजार में सफाई व्यवस्था बदहाल है,जिससे गंदगी फैलने के साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। दुकानदार सिपाहीलाल का कहना है कि बाजार में ग्राहकों व राहगीरों, महिलाओं के लिए शौचालय,पेयजल व बैठने का कोई इंतजाम नहीं है। प्रकाश व्यवस्था भी नहीं है। समाजसेवी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि बाजार में एक स्ट्रीट लाइट भी नहीं लगी है। शाम होते ही बाजार में अंधेरा छा जाता है,जिससे चोर उचक्के सक्रिय रहते हैं। सफाई व्यवस्था बदहाल होने के साथ ही सार्वजनिक शौचालय व पेयजल का इंतजाम नही हैं। खुली नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों की मांग है कि बाजार में शौचालय का निर्माण हो। प्रकाश व्यवस्था ठीक की जाए। सड़क की पटरियों पर लगने वाले ठेलों को हटाकर किसी स्थान पर लगवाया जाय। बाजार में वाटर कूलर लगवाने के साथ ही दुकानों के सामने डस्टबिन रखवाई जाय। बाजार से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाय। पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ ही सब्जी मंडी को बाग में शिफ्ट किया जाए।एसडीएम कर्नलगंज भारत भार्गव का कहना है कि पहाड़ापुर बाजार में अभियान चलाकर अतिक्रमण जल्द हटाया जाएगा।

