गोंडा।श्री लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज के प्रबंध समिति की उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने केंद्रीय उच्च शिक्षा मंत्री व हरियाणा प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर ग्रामीण अंचलों के महाविद्यालयों की शिक्षा प्रणाली के उन्नयन और उनके समग्र विकास के मुद्दे पर चर्चा की। चर्चा में उन महाविद्यालयों की स्थिति पर खास चर्चा हुई जो ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। वर्षा सिंह ने मंत्री के सामने महाविद्यालयों की जरूरतों और चुनौतियों को स्पष्ट रूप से रखा और उनके विकास के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। इस मौके पर ग्रामीण अंचल के महाविद्यालयों में बुनियादी ढांचे की कमी, तकनीकी संसाधनों की अनुपलब्धता और शिक्षकों की गुणवत्ता जैसे मुद्दे भी चर्चा के मुख्य बिंदु रहे। वर्षा सिंह ने इन महाविद्यालयों में डिजिटल लर्निंग के प्रसार और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता पर जोर दिया। ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी शहरी छात्रों के बराबर खड़े हो सकें। और प्रतिस्पर्धा में पीछे न रहें।
वहीं केंद्रीय मंत्री ने उनके इस प्रयास की सराहना की और उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार ग्रामीण अंचल के महाविद्यालयों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे महाविद्यालयों को सशक्त बनाने के लिए केंद्र द्वारा नई योजनाओं और नीतियों पर विचार किया जा रहा है।जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और अवसर प्रदान किए जा सकें। श्री लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज के प्रबंधतंत्र की उपाध्यक्ष का यह प्रयास ग्रामीण शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

