इटियाथोक,गोंडा।शनिवार की देर रात्रि इटियाथोक कस्बे में गोंडा-बलरामपुर मार्ग के तेलियानी मोड़ के पास किराने की गोदाम में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना जोर था कि पड़ोस के पांच मकानों की दीवारों में दरारें आ गई।घटनास्थल से 200 मीटर खड़ी बैगन आर कार के शीशे टूट गए। दुर्घटना में गोदाम मालिक दुर्गेश गुप्ता बुरी तरह से झुलस गया। स्वजन घायल को इलाज के लिए गोंडा के एक निजी चिकित्सालय ले गए,जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया। रविवार सुबह 4 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ब्लास्ट किस कारण हुआ, इसका पता नही चल सका है।हालांकि पुलिस विद्युत मीटर में ब्लास्ट होने की बात कह रही है।

बताया जाता है कि बाजार निवासी दुर्गेश गुप्ता निर्वाहन जोत गांव के क्यूम का मकान किराये पर लेकर उसमे गोदाम बना रखा है। जबकि बगल के अपने निजी मकान में किराने की दुकान संचालित कर रहा था। रात लगभग 10 बजे दुर्गेश गुप्ता कोई सामान निकालने के लिए गोदाम पहुंचा उसने शटर उठाया इसी बीच जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट से टीन शेड दूर जा गिरा।मकान का छत व दीवारों में दरारें आ गई।

गोदाम का सामान इधर उधर बिखर गया। धमाके की आवाज लगभग एक किलोमीटर तक लोगों को सुनाई दी। जिससे लोग सहम गए। घायल दुर्गेश गुप्ता को इलाज के लिए ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष शेष मणि पांडेय ने कहा का विद्युत मीटर में ब्लास्ट हुआ है। जांच की जा रही है। वहीं बिजली विभाग के अवर अभियंता अजय कुमार गुप्ता का कहना है कि विद्युत मीटर गोदाम के बाहर लगा हुआ है। मीटर से इतना जोरदार धमाका नहीं हो सकता है।मृतक दुर्गेश गुप्ता दो भाइयों में सबसे बड़ा है उसकी शादी हो चुकी उसके चार बच्चे हैं।

