मुश्ताक अहमद
गोंडा।गुरुवार की देर रात इटियाथोक से खरगूपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो बेदुली गांव स्थित मोड़ पर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। हादसे में चालक समेत वाहन पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस के जवानों ने घंटो कड़ी मशक्कत के बाद खाई में भरे पानी के बीच पड़ी बोलेरो से घायलों को बाहर निकला और डायल 108 एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने चारों घायलों को मृत घोषित कर दिया।

नगर कोतवाली गोंडा के तिवारी बाजार झंझरी निवासी राम बचन पांडेय अपनी बोलेरो गाड़ी से देहात कोतवाली के ठडक्की पट्टी गांव निवासी अभिषेक साहु, कंसापुर के करण सिंह व कंचनापुर दुल्लापुर तरहर निवासी दीपू मिश्रा के साथ खरगूपुर थाना क्षेत्र के भटपी गांव निवासी रिश्तेदार के यहां मिलने जा रहे थे। जैसे ही बेदुली गांव के समीप स्थित मोड पर पहुंचे चालक वहान से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बोलेरो सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराकर खाई में पलट गई। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकलकर एंबुलेंस के जरिए गोंडा मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने चारों घायलों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी है। घटना से मृतक युवके के परिजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है वही गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। जानकारी के मुताबिक पिछले 7 माह के अंदर उसी स्थान के आस पास अलग-अलग घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। एक ही स्थान के आस पास लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत जिला अधिकारी के निर्देश पर उक्त स्थान को दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र घोषित कर 500 मीटर के अंदर कई स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर व दुर्घटना बहुल्य क्षेत्र में सांकेतिक बोर्ड लगाए गये है। इसके बावजूद भी सड़क दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। थाना अध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को उपचार हेतु गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जहां चारों युवको की मौत हो गई है। जेसीबी मशीन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खाई से बाहर निकलवाया गया है।

