बेलसर,गोंडा।तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के पूर्व सपा प्रत्याशी राम भजन चौबे के संयोजन में बुधवार को पूर्वाह्न कस्बा रगड़गंज स्थित जनसम्पर्क कार्यालय में राजनीतिक नेताओं समाजसेवियों व बुद्धिजीवियों की मौजूदगी में संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह को सम्बोधित करते हुए पूर्व सपा प्रत्याशी रामभजन चौबे ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे विशाल और सर्वाधिक मतदाताओं वाला लोकतांत्रिक देश है। यहां का संसदीय लोकतंत्र व्यवस्था धर्मनिरपेक्ष आदर्शों पर आधारित है। श्री चौबे ने कहा कि लोकतंत्र के विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को कट्टरता और भेदभाव को भूलकर परस्पर भाईचारा और सभी धर्मों के प्रति सम्मान की भावना रखनी चाहिए। समारोह में पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने कहा कि आज जहां विश्व के अनेक देशों विशेषकर पडोसी राष्ट्रों में सत्ता परिवर्तन के लिए खून खराबा होता है। वहीं विश्व के विशाल लोकतान्त्रिक देश भारत में नागरिक मतदान के बल पर सत्ता परिवर्तन करने में सक्षम हैं। इस मौके पर कई अन्य बुद्धिजीवियों ने संविधान सभा के प्रमुख अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर संविधान और लोकतंत्र पर अपना विचार रखा।समारोह में ओमप्रकाश पाण्डेय,अशोक शुक्ला,रामजी चौबे, राकेश सिंह,अंकित पाण्डेय,पिंटू सिंह,बबलू चौबे,रमेश,हरिशंकर व दिलीप पाण्डेय मौजूद रहे।

