इमरान अहमद
गोंडा।बुधवार को जिला चिकित्सालय के सभागार में अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन की अध्यक्षता में महिला सशक्तिकरण और उनकी सुरक्षा के मुद्दे पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।शिविर को संबोधित करते हुए अपर जिला जज ने कहा कि जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर पर विधिक सेवा प्राधिकरण का गठन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को विधिक सहायता प्रदान करना है।
श्री हसनैन ने कहा कि कोई भी समाज व देश महिलाओं के बिना सशक्त और समृद्ध नहीं हो सकता,इसलिए ये समय की मांग है कि महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी हो जिससे वो उनके साथ होने वाले किसी भी शोषण व अपराध से अपनी सुरक्षा कर सकें। सचिव ने कहा कि सभी जागरुक महिलाओं को भी एक नागरिक के तौर पर जिम्मेदारी है कि वो अपने आसपास की महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों के बारे में बताएं जिससे महिलाओं को इसका लाभ मिले।सीएमओ डा० रश्मि वर्मा ने अगस्त माह के प्रथम सप्ताह में मनाए जा रहे विश्व स्तनपान सप्ताह के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि माँ का स्तनपान करने वाले बच्चों में संक्रमण के खतरे बहुत कम हो जाते हैं और उनका मानसिक विकास बेहतर होता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी ने महिलाओं के सशक्तिकरण से संबंधित चलायी जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090 के बारे में बताया। शिविर में एसीएमओ डॉ०आदित्य वर्मा, डीसीपीएम आर० पी० सिंह, जिला स्वास्थ्य शिक्षा सूचना अधिकारी देवेंद्र श्रीवास्तव व जिले की सभी कम्युनिटी हेल्थ आफीसर के साथ ही जिला चिकित्सालय व विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी मौजूद रहे।

