गोण्डा।अयोध्या स्थित सरयू नदी से जल लेकर दोस्तों के साथ जलाभिषेक के लिए मनकापुर स्थित बाबा करोहानाथ मंदिर जा रहे कांवड़िया युवक की गुरूवार की रात अचानक तबियत बिगड़ गई। साथ के लोग आनन फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछली बाजार पहुंचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते परिजन रोते बिलखते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।वहीं परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताया है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
मिली जानकारी के मुताबिक मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पचपुती जगतापुर मजरा गंगाराम पुरवा निवासी पिंटू वर्मा उम्र करीब 22 वर्ष पुत्र गंगाराम वर्मा अन्य कई युवकों के साथ बुधवार की शाम कांवड़ यात्रा के लिए निकला था। अयोध्या स्थित पवित्र सरयू नदी से जल भरकर सभी वापस लौट रहे थे। गुरुवार की शाम सभी लोग मछली बाजार में रुके थे। युवक यहीं पर दुकान भी करता था। शुक्रवार की सुबह उन्हें मनकापुर स्थित बाबा करोहानाथ मंदिर पर जलाभिषेक करना था लेकिन गुरुवार की रात में पिंटू की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। साथ के लोगों ने आनन फानन में उसे मछली बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक आलोक चौधरी ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रोते बिलखते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनकापुर व कस्बा चौकी प्रभारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। मृतक के पिता गंगाराम वर्मा ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताया है। बताया जाता है कि मृतक पिंटू वर्मा अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था।बड़ा भाई दिलीप कुमार वर्मा 40 वर्ष,कृष्ण कुमार वर्मा 35, पप्पू वर्मा 30 बड़ी बहन बिट्टू वर्मा 28 वर्ष हैं।पिता गंगाराम वर्मा के पास 10 बीघा खेत है।जिससे परिवार का भरण पोषण होता है।माता शांती देवी गृहिणी है।पिंटू मछली बाजार में बेल्डिंग मशीन व पंचर की दुकान चलाता था।उसकी मौत से परिवार में मातम छाया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जनपद मुख्यालय भेजा गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

