गोण्डा।जिले के उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में फंदे के सहारे लटकता मिला।युवक का शव देख परिवार के लोग अवाक रह गए।बताया जा रहा है कि प्रेम में धोखा खाये युवक ने गुरुवार की रात को फंदे से लटककर अपनी जान दे दी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।युवक की जेब से मौत से पहले लिखा गया एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।बताया जाता है कि युवक ने मौत से पहले प्रेमिका से बात भी की थी।घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
मिली जानकारी के मुताबिक उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिसई गुलाल पुरवा का रहने वाला राहुल उम्र करीब 21 वर्ष पुत्र भुलई गांव की ही एक किशोरी से प्रेम करता था। फोन पर दोनों एक दूसरे से बात किया करते थे। इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो दोनों पर बंदिशें लगा दी गयी लेकिन इन बंदिशों को तोड़कर दोनों घर से भाग गए। मामले में किशोरी के परिजनों ने राहुल के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने दोनों को बरामद किया तो किशोरी पाला बदलकर अपने परिजनों की तरफ हो गई और उसने राहुल के विरुद्ध गवाही दे दी। उसने राहुल पर दुष्कर्म करने का आरोप लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर रिहा होने के बाद राहुल ने एक दुकान खोल ली थी लेकिन मुकदमे को लेकर वह काफी तनाव में रहता था। मृतक युवक के परिजनों ने बताया कि गुरुवार को उसकी पेशी थी और पेशी से वापस लौटने के बाद वह काफी तनाव में था।
परिवार की मानें तो राहुल रात 12 बजे तक जागता रहा और इस दौरान उसने अपनी प्रेमिका से फोन पर भी बात की थी।बात करने के बाद राहुल ने फंदे से लटककर अपनी जान दे दी।सुबह उसका शव फंदे से लटकता मिला तो घर वालों के होश उड़ गए।मृतक के पिता की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक राहुल के जेब से एक सुसाइड नोट मिला है।नोट राहुल ने अपने पिता को संबोधित कर लिखा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में ले लिया है और उसके आधार पर जांच में जुटी है। बताया जा रहा है कि मृतक राहुल ने मौत को गले लगाने से पहले अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाया था। पुलिस ने मोबाइल कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता ने बताया कि उन्हे वीडियो नहीं देखने दिया गया। इस मोबाइल में मौजूद वीडियो में आत्महत्या का राज छुपा हो सकता है। मृतक के पिता के अनुसार न्यायालय में लड़की का बयान हुआ था। इसके बाद से ही राहुल काफी मानसिक तनाव में था।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उमरी बेगमगंज नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।

