नवाबगंज,गोंडा।नवाबगंज गिर्द गांव के हतवा में मछली मारने गया युवक की तालाब में लाश मिली है। लाश देख परिवार में हाहाकार मच गया। पीएम के बाद शव को सड़क पर रख कर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने के पास चौराहे पर सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर डटे रहे। मृतक की पत्नी गीता बेहोश होकर सड़क के किनारे गिर गई। मृतक की पत्नी ने गांव के कुछ लोगों पर अपने पति की हत्या कर शव को तालाब में फेंकने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मौके पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय एंव भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।

पुलिस और स्थानीय समाजसेवी मृतक के परिजनों को घंटों तक समझाने का प्रयास करते रहे।प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि युवक किन परिस्थितियों में तालाब में डुबा है यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस घंटों तक परिजनों से तहरीर मांगती रही लेकिन परिजनो ने हत्या की तहरीर नहीं दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने कहा कि परिजन तहरीर देते है तो जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस मृतक के परिवार के साथ है। करीब 03 घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार करने पर राजी हुए। भारी पुलिस बल के साथ शव को पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए टेढ़ी नदी पटपरगंज लेकर गये।

