मुश्ताक अहमद
गोंडा।एक माह पूर्व गोंडा जिले के नवयुवक छात्र की लाश अयोध्या जनपद में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से तरह तरह की चर्चाएं होनी शुरू हो गई थी। वहीं घर वालो ने हत्या की आशंका गांव के ही लोगों पर जताई थी। घटना के एक माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली रहे। पिता ने अपने इकलौते बेटे की हत्या किए जाने की बात उच्चाधिकारियों से भी शिकायत की थी। मृतक नवाबगंज थाना क्षेत्र के खड़ौवा गांव का निवासी था। जो अयोध्या में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। 9 जून को उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था और वो घर से अयोध्या निकल गया। देर रात तक जब वो घर वापस नहीं आया तो मां ने फोन करके घर न आने की वजह पूछी मृतक ने कहा कि अभी थोड़ी देर में आ रहे हैं। लेकिन वो नहीं लौटा सुबह भोर में अयोध्या पुलिस ने घर वालो को फोन पर सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उसको मारकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।गुरुवार को सपा का प्रतिनिधि मंडल परिजनों से मिलने मृतक के घर गया। प्रतिनिधि मंडल में सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व काबीना मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा के नेतृत्व मे मृतक के माता पिता से मिलकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।कोल्हमपुर चौकी इंचार्ज अमर सिंह से परिजनों की सुरक्षा का निर्देश दिया।

खड़ौवा गांव निवासी रामकुमार शर्मा का इकलौता बेटा अमर प्रताप शर्मा का एक माह पूर्व अयोध्या मे शव रेलवे लाइन के किनारे पड़ा मिला था। इस मामले में अयोध्या पुलिस ने कोई ठोस कारवाई न करने का आरोप मृतक के परिजनों ने लगाते हुए न्याय की गुहार लगा रहे थे। घटना की जानकारी सपा सुप्रीमो को हुई, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने अयोध्या सांसद अवधेश कुमार, राष्ट्रीय सचिव राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री पवन पांडेय फैजाबाद जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, गोंडा जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन, कैसरगंज लोकसभा प्रत्याशी भगतराम मिश्रा, पूर्व विधायक रमेश गौतम व सदर विधानसभा प्रत्याशी रहे युवा नेता सूरज सिंह समेत आठ सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल गुरुवार दोपहर को खड़ौवा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल की अगुआई अयोध्या सांसद को करना था। लेकिन वो कतिपय कारणों से नहीं आ सके। उनके न पहुंचने पर राष्ट्रीय सचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा सात सदस्यों के साथ खड़ौवा गांव आए और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। लगभग आधा घंटा एकांत में मृतक के परिजनों से मुलाकात की। उसके बाद राष्ट्रीय सचिव ने मीडिया को बताया कि परिजनों की सुरक्षा के साथ-साथ घटना का जल्द खुलासा कर न्याय दिलाने के लिए परिजनो के साथ है। इस मौके पर कोल्हमपुर चौकी इंचार्ज अमर सिंह को निर्देश दिया कि परिजनों की सुरक्षा का ध्यान रखना आपकी जिम्मेदारी है। इसके लिए आप अपने उच्चाधिकारियों से बात कर ले मै भी बात करुंगा परिजनो को कुछ हुआ तो सारी जिम्मेदारी आपकी होगी।मृतक के पिता रामकुमार शर्मा से जब सपा प्रतिनिधि मंडल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि न्याय दिलाए जाने का भरोसा दिया है। सपा पार्टी हमारे साथ है। इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता विजय पासवान, विनोद श्रीवास्तव,जयसेन सिंह,राजेश दीक्षित,पवन सिंह,सिद्धार्थ सिंह,दिनेश यादव,अयोध्या चौहान,रमेश यादव,प्रदीप यादव,जितेंद्र यादव,सुरेश यादव,शैलेन्द्र सिंह,धनीराम यादव, पूर्व प्रधान ललित तिवारी व दुर्गेश यादव समेत सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

