कर्नलगंज,गोण्डा।स्वच्छ भारत अभियान के तहत जहां घर-घर शौचालय का नारा दिया जा रहा है। वहीं कर्नलगंज कस्बे के सार्वजनिक स्थानों पर भी सुलभ शौचालय नहीं बनाया गया। कुछ ऐसा ही बदइंतजामी परिवहन निगम के गोंडा-लखनऊ हाईवे पर स्थित कर्नलगंज बस अड्डे पर देखी जा रही है।जिम्मेदारों ने शौचालय का निर्माण ही नहीं कराया।जिससे बस अड्डे पर यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिला यात्री शर्मिंदगी झेलने को मजबूर हैं।

गोंडा-लखनऊ हाईवे पर कर्नलगंज कस्बे में स्थित बस स्टाप विभागीय अधिकारियों व जिम्मेदारों की उपेक्षा का शिकार है। यात्रियोें के लिए बस अड्डे पर एक अदद शौचालय का निर्माण कराना मुनासिब नहीं समझते। बस स्टाप से परिवहन बसों द्वारा दूरदराज क्षेत्रों को आवागमन करने वाले यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिला यात्रियों को उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों व समाजसेवियों ने कई बार विभागीय अधिकारियों व परिवहन निगम के आला अफसरों को पत्र भेजकर शुलभ शौचालय बनवाए जाने की मांग की थी। बावजूद इसके विभागीय अधिकारी इस ओर अत्यंत तनिक भी ध्यान नहीं दिया। यहां सुलभ शौचालय न होने से लोगों के सड़क किनारे ही लघुशंका करने पर मजबूर होना पड़ रहा है।जबकि महिला यात्रियों को भी ऐसा करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जिसके चलते वह कई बार शर्मशार भी हो जाती है। लेकिन प्रशासन इसे लेकर अब तक गंभीर नहीं है। परिवहन विभाग स्वच्छ भारत मिशन का मुंह चिढ़ाने का काम कर रहा है। इसी बस स्टॉप से लखनऊ,बाराबंकी,जरवलरोड,परसपुर,नवाबगंज,अयोध्या,कटरा बाजार,कौड़िय़ा,भग्गड़वा बाजार,हुजूरपुर,चचरी,शाहपुर-धनावा,पसका सहित अन्य क्षेत्र के यात्री कर्नलगंज से ही बस पकड़ने के लिए दूरदराज क्षेत्रों से आते हैं।इसी के साथ ही कर्नलगंज तहसील मुख्यालय होने के वजह से अनेकों कर्मचारी एवं तहसील,ब्लाक,बैंक,रेलवे,विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारी भी बसों से यात्रा करते हैं। इस बस स्टॉप पर आज तक यात्रियों के लिए शुलभ शौचालय की कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है। इस बस स्टॉप से प्रतिदिन करीब दस हजार से अधिक यात्री आवागमन करते हैं। यहां परिवहन विभाग की बसों का स्टापेज कई दशक से चला आ रहा है। बावजूद इसके किसी नेता या अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया। स्थानीय लोगों ने अतिशीघ्र बसस्टाप के पास शुलभ शौचालय बनवाये जाने की मांग की है।

