गोंडा। अपहरण कर सामूहिक दुराचार करने के आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गिरफ्तारी न होने से जिले की नबाबगंज पुलिस से क्षुब्ध दुष्कर्म पीड़िता ने बुधवार को मंडल मुख्यालय की पानी की टंकी पर चढ़ गई। पीड़िता को 200 फुट ऊंची पानी की टंकी पर देख पुलिस कर्मियों के पसीने छूटने लगे। कोतवाली नगर पुलिस पीड़िता को मनाने में जुटी रही। पीड़िता पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ी रही। पीड़िता मनकापुर कोतवाली के एक गांव की निवासिनी बताई जा रही है। पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2023 में उसके साथ तीन लोगों ने सामूहिक सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो लिख लिया गया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी करने से टाल मटोल कर रही है। एक साल से वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अफसरों की चक्कर काट रही है। पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही है। बुधवार को पीड़िता अपनी मां के साथ कचहरी आई थी। अचानक दुराचार पीड़िता मंडलायुक्त दफ्तर के बगल बनी पानी की टंकी पर चढ़ गयी। पीड़िता को पानी की टंकी पर चढ़ी देख अधिवक्ताओं ने इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर सीओ सदर सौरभ वर्मा,नगर कोतवाल राजेश सिंह, एसएसआई ब्रम्हा नंद सिंह समेत बड़ी तादाद में पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुला लिया गया। पुलिसकर्मी और अधिवक्ता ने पीड़िता को पानी की टंकी से नीचे उतारने की कोशिश में जुटे रहे। हालांकि पीड़िता आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ी रही। मां ने अपनी कसम रखी बावजूद इसके पीड़िता पानी की टंकी से तीन बजे तक नीचे नहीं आई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस पीड़िता की मान मनौवल में जुटी रही।

