गोंडा।जिले के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने नीट यूजी परीक्षा परिणाम में हुई गड़बड़ी को लेकर शहर के अंबेडकर चौराहे पर विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विभाग के सह संयोजक सूरज शुक्ला ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप),राष्ट्रीय पात्रता सह-प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2024) के आयोजन के दौरान गड़बड़ियों व परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरांत प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया व परीक्षा परिणाम पर उठ रहे सवालों के समाधान के लिए सीबीआई जाँच की मांग की है।
परीक्षा के आयोजन के दिन ही देश के अलग-अलग हिस्सों में गड़बड़ियां सामने आई व अलग-अलग स्थानों पर सॉल्वर पकड़े गए, साथ ही कुछ स्थानों पर प्रश्न पत्र बांटने आदि में भी गड़बड़ी मिली। विद्यार्थी परिषद, नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों की उचित माँगों के साथ है। जिला सह संयोजक कुलदीप तिवारी ने कहा मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाने वाली इस परीक्षा की पारदर्शिता पर विद्यार्थियों के बीच संदेह है। नीट यूजी की परीक्षा के दिन भी देश के अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्था की गड़बड़ियां सामने आई थीं। इससे यह भी स्पष्ट हो गया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने परीक्षा के आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां नहीं की थीं।
इस दौरान संगठन मंत्री प्रखर मिश्रा, प्रांतीय कार्यसमिति सदस्य मुकेश सोनी,जिला संगठन मंत्री हरिओम शर्मा, सुधांशु मिश्र,नगर सह मंत्री उमाकांत यादव,अंतरिक्ष त्रिपाठी,संदीप शुक्ला,आदर्श गोस्वामी,उमंग सिंह,अजय तिवारी,गोविंद पांडेय,रामजन्म वर्मा,प्रभात शुक्ला सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।

