गोंडा।डीएम नेहा शर्मा ने जिला निर्वाचन कार्यालय में शनिवार को सुव्यकवस्थित मतदाता शिक्षा व निर्वाचक सहभागिता कार्यक्रम (स्वीरप) के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस दौरान जिले में 15 हजार से ज्यादा युवा मतदाताओं ने सड़क पर उतरकर शत-प्रतिशत मतदान के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। उन्होने 20 मई को मतदान करने के साथ ही अन्य मतदाताओं को भी जागरूक करने की शपथ ली।
जिला निर्वाचन कार्यालय में शनिवार को जिले के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज से स्वीप वॉकथान के माध्यम से स्वीप अभियान के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस वॉकथान में 15 हजार से ज्यादा युवा मतदाताओं के साथ उनके अभिभावकों, शिक्षकों, अधिकारियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर से हरी झण्डी दिखाकर वॉकथान को रवाना किया। वॉकथान गुरु नानक चौराहा से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज तक पहुंचा। छात्र और छात्राओं ने लोगों को स्लोगन के माध्यम से 20 मई को मतदान के प्रति जागरूक किया।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी,मुख्य राजस्व अधिकारी,परियोजना निदेशक डीआरडीए,एसडीएम सदर और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
चलेगा 15 मई तक विशेष अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने इस मौके पर मौजूद लोगों को मतदाता शपथ दिलाई और सभी को 20 मई को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रेरित किया । जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस स्वीप अभियान से जिले का मतदान प्रतिशत बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक चलाये गये स्वीप अभियान के पहले चरण में सभी पात्र व्यक्तियों को मतदाता बनाने के लिए प्रयास किया गया। जिससे कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता बनने से वंचित न रहे। अब इस दूसरे चरण में अब तक बन चुके मतदाताओं को 20 मई को मतदान अवश्य करने हेतु प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 20 मई को होने वाले मतदान में युवा मतदाताओं पर विशेष जोर है उन्होंने इस कार्यक्रम में आए युवा मतदाताओं की भारी संख्या होने पर सराहना की। इस दौरान नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया जिसके माध्यम से निर्वाचन के दौरान निष्पक्ष व योग्य प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि मतदाता प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 15 मई तक स्वीप के अन्तर्गत विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
चौकीदार पहुंचेंगे के घर-घर देंगे दस्तक,दी जाएगी मनुहारी पाती
जिला प्रशासन की ओर से जिले में 1 अप्रैल से 15 मई तक विभिन्न रोचक कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को जागरुक कर पोलिंग बूथ तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। इस अभियान में ईएलसी की कार्यशाला, मतदाता जागरूकता चौपाल, चुनावी पाठशाला, चौकीदार की दस्तक, हस्ताक्षर अभियान, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और युवक मंगल दल द्वारा घर घर जाकर मतदाता जागरूकता, दूध और बेकरी के उत्पादों पर मतदान संदेश को प्रकाशन आदि कई अभियान चलाये जायेंगे। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य दिवस, पंचायती राज दिवस, श्रमिक दिवस व अन्य विशिष्ट दिवसों पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। स्वीप कैलेंडर के तहत सभी गतिविधियां समाप्त हो जाने के बाद स्वीपोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें स्वीप कैलेंडर के दौरान की गई गतिविधियों को आमजन के बीच प्रदर्शित किया जाएगा।

