गोंडा।दो लाख से अधिक जनसंख्या पर बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर में दंत चिकित्सक/सर्जन की तैनाती है।लेकिन डेंटल चेयर न होने से मरीजों का इलाज नही हो पा रहा था।डेंटल चेयर की मांग ब्लाक प्रमुख ने सीएमओ से की थी। लेकिन तीन माह पहले डेंटल चेयर सीएचसी पर उपलब्ध होने के बाद एक कमरे में बंद पड़ी है। जिससे मरीजों को निजी चिकित्सकों के पास जाना पड़ रहा है।
एक कहावत हैं कि आसमान से गिरा खजूर पर अटका यह जुमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलसर पर सटीक बैठता है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दंत चिकित्सक की तैनाती नहीं थी।लेकिन ग्रामीणों के मांग पर तरबगंज विधायक प्रेम नारायन पांडेय ने दंत चिकित्सक/ सर्जन डा रूबी अंसारी की तैनाती तीन वर्ष पहले कराई थी। बावजूद इसके डेंटल चेयर की व्यवस्था नहीं हो सकी। ऐसे में दंत मरीजों का इलाज नही हो पा रहा है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को सिर्फ रोकथाम के लिए दवा ही मिल पा रही है। ब्लाक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने सीएमओ व विधायक से लोगों को आने वाली दिक्कतों को बताते हुए डेंटल चेयर की उपलब्ध कराने की मांग की। काफी प्रयास के बाद डेंटल चेयर तीन माह पहले सीएचसी पर उपलब्ध तो हो गई। लेकिन सीएचसी में ही एक कमरे में कैद कर दी गई है। यही वजह है कि मरीजों कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। तीमारदार मरीजों को मजबूरी वश निजी चिकित्सालय में जाकर इलाज कराना पड़ता है। जिससे उन्हें काफी दिक्कतों से दो चार होना पड़ रहा है। वही स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार लोग अनजान बने हुए हैं।
बोले जिम्मेदार
दंत चिकित्सक/सर्जन डा० रूबी अंसारी ने कहा कि अभी तक डेंटल चेयर इंस्टॉल न होने से आने वाले मरीजों का इलाज नही हो पा रहा है।
ब्लाक प्रमुख राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने कहा कि सीएमओ से डेंटल चेयर की मांग की गई थी। विधायक प्रेम नारायन पांडेय के प्रयास से उपलब्ध हुई हैं। लेकिन तीन माह बाद भी दंत मरीजों को लाभ नहीं मिल रहा है।व कमरे में बंद है। बड़ी लापरवाही है।

