गोंडा।मसकनवा बाजार में सड़क की जाम की झाम से लगभग प्रतिदिन 10 हजार लोगों की लाइफ लाइन पर ग्रहण लग रहा है। इस विकराल समस्या से इलाकाई लोगों के साथ-साथ हजारों राहगीरों को दो चार होना पड़ रहा है।प्रतिदिन सड़क पर जाम लगने से छात्र-छात्राएं, विजनेस मैन व नौकरी पेशा वाले लोगों को घन्टो जाम में फंसे रहना पड़ता है। जिससे इलाकाई लोगों के साथ राहगीरों में काफी आक्रोश व्याप्त है। छात्र-छात्राएं समय से स्कूल व सरकारी कर्मचारी दफ्तर नहीं पहुंच पा रहे है। यदि कहीं किसी की तबियत ज्यादा खराब हो तो इमरजेंसी में भी जाम के झाम में फंसे रहते हैं। समय रहते न तो स्टेशन जा पाएंगे और न ही अस्पताल। विभागीय जिम्मेदार इस विकराल समस्या से निजात नहीं दिला पा रहे हैं। मौजूदा समय में सहालग के चलते लोग बाजारों मे खरीद-फरोख्त के लिए आ जा रहे हैं। सड़क पर काफी अतिक्रमण है। बाजार में गाड़ी खड़ी करने की पार्किंग न होने से लोग सड़क किनारे ही अपनी गाड़ियों को खड़ी कर बाजार में खरीद फरोख्त करते हैं। जिससे जाम की स्थिति और भी भयावह हो जाती है। कस्बे के वाशिंदों का कहना हैं कि इस समस्या को लेकर दर्जनों बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई। लेकिन कोई हल नहीं निकला। स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसका खामियाजा इलाकाई लोगों के साथ ही दूर दराज से आने वाले राहगीरों को भी भुगतना पड़ता है।क्षेत्र में कहीं कोई बड़ा हादसा हो जाए तो एंबुलेंस,फायर ब्रिगेड व पुलिस की गाड़ी को भी पहुंचने में समय लगेगा।कारण कि यहां हमेशा जाम लगा रहता है।
सड़क के दोनों ओर है अतिक्रमण
जाम की इस विकराल समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन कोई ठोस कदम नही उठा रहा है। रोड पर जाम के चलते घंटों खड़े रहना पड़ता है। रोड की दोनों तरफ व बीच पटरी पर ठेले व खोमचे वालों ने कब्जा जमा रखा है।
पार्किंग की नहीं है कोई व्यवस्था
मसकनवां बाजार में वाहनों को खड़ी करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि लोग अपने वाहनों को सड़क के किनारे बेतरतीब खड़ी कर सामानों की खरीद-फरोख्त करने लगते हैं। राहगीरों की मानें तो दुकानदार सड़क पर ही बढ़ा कर दुकान लगाने लगे हैं।जिससे सड़क पर जाम हमेशा लगा रहता है।
थानाध्यक्ष छपिया सत्येंद्र वर्मा का कहना है कि रेलवे क्रासिंग पर ओवर ब्रिज की सख्त जरूरत है।ओवरब्रिज बन जाए तो जाम के झाम से राहगीरों को निजात मिल जाएगी।

