अतिक्रमण की जद में रहा पार्टी कार्यालय का बोर्ड
सड़क पटरियों पर लगे ठेला दुकानदारों को हटाया
इक़बाल शाह
गोण्डा।जिला प्रशासन व नपाप की संयुक्त टीम द्वारा एक बार फिर शहर में बुलडोजर कार्यवाही की गई। गुरुनानक चौराहे से गुड्डूमल चौराहे तक चले इस अतिक्रमण अभियान में बाबा का बुलडोजर सपा पर गरजा। अतिक्रमण की जद में आए समाजवादी पार्टी कार्यालय का लगा बोर्ड बुलडोजर ने उजाड़ फेंका। इसी के साथ सड़क पटरियों पर लगे ठेला दुकानदारों को दूर तक खदेड़ दिया गया।
शुक्रवार कोतवाली नगर क्षेत्र गुरुनानक चौराहे से लेकर गुड्डूमल चौराहे तक चले अतिक्रमण अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट विजय पाल शर्मा व नपाप की टीम ने अवैध रूप से सड़क की दोनों पटरियों पर छकाए हिस्सों पर बुलडोजर चलाकर कार्यवाही की। बताया जाता है कि महिला अस्पताल रोड पर आए दिन लोगों को जाम की समस्या से रोजाना रुबरु होना पड़ता था। जिससे लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती थी। सड़क के दोनों पटरियों पर ठेला दुकानदारों का कब्जा व अन्य दुकानदार टीन छज्जा बाहर तक निकाले थे। जिस पर शुक्रवार की दोपहर से ही जिला प्रशासन व नपाप ने अतिक्रमण अभियान चलाकर जगह खाली खराई। वहीं इसी रोड पर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यालय का बोर्ड भी अतिक्रमण की जद में आ रहा था। जिसे बुलडोजर ने सड़क की पटरी से खाली कराते हुए उसे उखाड़ फेंका। सिटी मजिस्ट्रेट विजय पाल शर्मा ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में आने जाने वाले मरीजों व तीमारदारों को भी तकलीफें झेलना पड़ रही थी। अस्पताल में प्रसूताओं को लाने व ले जाने वाली एंबुलेंस को भारी जाम के कारण निकलने में घंटों लग जाते थे। जिसके चलते कभी कभी एंबुलेंस में सवार प्रसूता व अन्य मरीजों को इसकी भारी दिक्कतें उठानी पड़ जाती थी। इन सब को देखते हुए सभी अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही की गई है। जिला प्रशासन की इस कार्यवाही से शहर में काफी अफरातफरी का माहौल रहा। वहीं मौके पर भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा।

