इक़बाल शाह
गोण्डा।जिले के पीडब्ल्यूडी के सर्किल ऑफिस में उस समय हड़कंप मच गया। जब ऑफिस में घुस एक दबंग ठेकेदार ने पीडब्ल्यूडी में तैनात कम्प्यूटर बाबू से नाखुश होकर दौड़ा दौड़ा कर उसकी जमकर धुनाई शुरू कर दी। यहां तक ऑफिस में रखे गमले से भी हमला बोल दिया। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया। मामले को लेकर विभाग के उच्चाधिकारियों ने दबंग ठेकेदार के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है।

बुधवार कोतवाली नगर क्षेत्र पीडब्ल्यूडी विभाग के सर्किल ऑफिस में टेंडर को लेकर एक दबंग ठेकेदार ने ऑफिस में तैनात कम्प्यूटर बाबू मुकुंद गुप्ता पर हमला बोल दिया। बताया जाता है कि लगभग एक करोड़ के कार्यो का विभाग के द्वारा टेंडर मांगा गया था। जिस पर उक्त दबंग ठेकेदार ने भी टेंडर डाल रखा था। जब टेंडर खुलने की बात आई तो उक्त ठेकेदार के पक्ष में टेंडर न खुलने के चलते उसने वहां तैनात कम्प्यूटर बाबू पर हमला कर दिया। जब वह जान बचाकर भागने की कोशिश किया तो उक्त ठेकेदार ने उसे दौड़ा दौड़ा कर पीटा व ऑफिस में रखे गमलों से भी हमला कर दिया। बताया जाता है कि उक्त दबंग ठेकेदार का सत्तापक्ष से जुड़े होने के चलते कोई कार्यवाही नहीं होती है। अधीक्षण अभियंता भगवानदास का कहना है कि उन्हें उक्त घटना की सूचना मिलते ही तत्काल वहां पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी दबंग ठेकेदार वहां से फरार हो चुका था। मामले को लेकर उक्त दबंग ठेकेदार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

