शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी।सोमवार की सुबह कचहरी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया,जब आपसी विवाद के चलते एक वकील ने अपने ही चचेरे भाई वकील को गोली मार दी। घटना से पूरे परिसर में दहशत का माहौल बन गया और अफरातफरी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई,जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। मौके पर मौजूद अन्य वकीलों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों बाद दोनों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान वकील विराट राज ने अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज को तमंचे से गोली मार दी। गोली पेट में लगने से जितेंद्र मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद आरोपी विराट राज मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एएसपी विवेक तिवारी और एएसपी पूर्वी पवन गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। बाद में एसपी खीरी डॉक्टर ख्याति गर्ग और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जो इस घटना की वजह बना। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

