शरीफ अंसारी
लखीमपुर खीरी। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फरधान पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट के मामले में वांछित पच्चीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और लूट की नकदी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी सदर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक फरधान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना फरधान पर दर्ज मुकदमा संख्या 37/2026 से संबंधित लूट की घटना में वांछित अभियुक्त मासूम अली पुत्र छोटन्न, निवासी ग्राम सिंगहा खुर्द, थाना सिंगाही को बीती रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा लूट के 1726 रुपये बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना फरधान पर मुकदमा संख्या 90/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस व 9/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ पहले भी कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस सफल कार्रवाई में थाना फरधान पुलिस टीम के साथ स्वाट टीम की अहम भूमिका रही। अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

