शरीफ अंसारी
निघासन,खीरी। बेलरायां सरजू सहकारी चीनी मिल में कई दिनों से गन्ना लेकर खड़ी किसानों की ट्रालियां खाली न होने से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लंबे इंतजार के चलते किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं गन्ने की गुणवत्ता खराब होने की आशंका भी बढ़ती जा रही है। समस्या से परेशान किसानों का सब्र शुक्रवार को जवाब दे गया। किसानों ने निघासन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह से संपर्क कर अपनी पीड़ा व्यक्त की। इसके बाद अमनदीप सिंह किसानों के साथ मिल परिसर पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता की।

इस दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर निघासन ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह और मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी (सीसीओ) के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। किसानों ने बताया कि उनकी ट्रालियां कई दिनों से मिल गेट पर कतार में खड़ी हैं, जिससे समय की बर्बादी के साथ साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। किसानों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए मिल के सीसीओ ने आश्वासन दिया कि दो दिनों के भीतर सभी लंबित ट्रालियों को प्राथमिकता के आधार पर खाली करा दिया जाएगा। आश्वासन के बाद किसानों ने फिलहाल राहत की सांस ली, लेकिन चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जिसके जिम्मेदार चीनी मिल प्रशासन होगा इस दौरान निघासन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमनदीप सिंह के साथ भारी संख्या में किसान मौजूद रहे।

