गोण्डा।गीता गोष्ठी के आगामी 14 दिसम्बर को होने वाले विराट रजत जयंती समारोह में नगर एवं निकटवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक श्रद्धालु परिवारों को शामिल करने के लिए गोष्ठी परिवार ने संकल्प लिया है। रविवार को मालवीय नगर स्थित रामेश्वरम् मंदिर से साप्ताहिक गोष्ठी के उपरांत गीता परिवार व समारोह के के संरक्षक सुरेश दूबे ने संकल्प दिलाने के साथ जन संपर्क अभियान दल को रवाना किया।
गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए रजत जयंती समारोह के संयोजक इंजी. सुरेश दूबे ने कहा कि गीता गोष्ठी के रजत जयंती समारोह में सनातन महासंघ के संस्थापक डा. गौतम ठक्कर के संरक्षण में वैदिक पद्धति से गीता यज्ञ सम्पन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सायंकाल गीता आरती के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। गीता ज्ञान प्रसार यात्रा में नगर के प्रमुख विद्यालय व कालेज के छात्र – छात्राएं व एनसीसी के कैडेट स्काउट के बालचर, गायत्री परिवार के परिजन धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधि व श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है। रजत जयंती समारोह में सुप्रसिद्ध वैदिक विद्वान जूना अखाड़ा रुड़की के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि, हरिद्वार के महामंडलेश्वर प्रेमानन्द जी, वाराणसी के राजर्षि गांगेय हंस, सनातन महासंघ के संस्थापक डा. गौतम ठक्कर एवं योगगुरु व अन्तर्राष्ट्रीय प्रेरक वक्ता महिम तिवारी प्रमुख आकर्षण होंगे। गोष्ठी में स्वदेशी जागरण एवं गोष्ठी के संस्थापक सदस्य जनार्दन सिंह को जनसंपर्क अभियान का प्रमुख एवं प्रसार यात्रा में विद्यालयों को प्रतिभाग कराने का दायित्व उत्तम कुमार शुक्ल, धीरेन्द्र प्रताप पाण्डेय व अधिवक्ताओं को समारोह में शामिल कराने का दायित्व के के श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश मिश्र को दायित्व सौंपा गया। गोष्ठी के उपरांत अभियान दल ने शिव मंदिर में संकल्प लेकर सिविल लाइन से जनसंपर्क शुरू किया।
जन सम्पर्क अभियान में चंद्रभाल मिश्र, अनिल सिंह, अमित सिंह, अवधेश तिवारी, आशुतोष सहाय अशोक जायसवाल, पंकज दूबे, सन्त कुमार त्रिपाठी शिवाकांत मिश्र ‘विद्रोही’, सुमित कपूर एवं राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।

