गोंडा।स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ईश्वर शरण अस्पताल ने मरीजों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब अस्पताल की ओपीडी सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी। पहले यह सेवा केवल दोपहर 2 बजे तक ही संचालित होती थी।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो.धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने बताया कि यह बदलाव मरीजों और मेडिकल छात्रों दोनों के हित में किया गया है।अब एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र दिनभर अस्पताल में रहकर मरीजों के बीच प्रायोगिक प्रशिक्षण ले सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत शाम 3:30 बजे तक नए मरीजों के पर्चे बनाए जा सकेंगे,जबकि पहले पर्चा बनवाने का समय दोपहर 1:30 बजे तक ही था।इससे दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी,क्योंकि अब वे देर से आने पर भी इलाज करा सकेंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार बढ़े हुए ओपीडी समय से बेहतर रोगी प्रबंधन और संसाधनों का कुशल उपयोग संभव होगा।इससे मरीजों की भीड़ नियंत्रित होगी और डॉक्टरों को हर मरीज के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
गौरतलब है कि अस्पताल की पैथोलॉजी लैब पहले से ही रात 8 बजे तक संचालित रहती है,जिससे अब मरीजों को एक ही दिन में जांच और इलाज दोनों की सुविधा मिलेगी।
दूसरे दिन की समीक्षा में शाम 3 बजे तक डॉक्टर अपने-अपने कक्षों में मरीजों को देख रहे थे।इस दौरान हॉस्पिटल मैनेजर डॉ. दीक्षा द्विवेदी,हॉस्पिटल मैट्रन,और प्रशासनिक स्टाफ पूरी तत्परता से मौजूद मिले।
मरीजों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह बदलाव उनके लिए बहुत राहत भरा है।पहले पर्चा बंद हो जाने पर उन्हें अगले दिन लौटना पड़ता था,लेकिन अब वे शाम तक इलाज करा सकेंगे।
यह कदम न केवल मरीजों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि अस्पताल की कार्यकुशलता और चिकित्सा शिक्षा दोनों में सुधार लाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन आने वाले समय में डिजिटल पंजीकरण,टोकन सिस्टम और मरीज फीडबैक व्यवस्था भी लागू करने की योजना बना रहा है।
यह बदलाव साबित करता है कि यदि इच्छाशक्ति और बेहतर प्रबंधन हो,तो सरकारी अस्पताल भी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं का उदाहरण बन सकते हैं।
ओपीडी समय: सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक
पैथोलॉजी लैब: रात 8 बजे तक

