बलरामपुर।भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने सेवा पखवाड़ा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक भाजपा की ओर से जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे,जिसमें भाजयुमो कार्यकर्ताओं की अहम भागीदारी रहेगी।यह जानकारी बुधवार को अटल भवन जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शुभम अग्रहरी ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती तक सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान भाजयुमो की ओर से 17 सितंबर को रक्तदान शिविर एवं हेल्थ कैंप का आयोजन होगा। रक्तदान शिविर दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में 17 सितंबर को कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे, जबकि दूसरा चरण 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले से लेकर बूथ स्तर तक चलेगा। इस बार भाजयुमो कार्यकर्ताओं को 150 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य दिया गया है।
श्री अग्रहरी ने बताया कि 21 सितंबर को नमो मैराथन का आयोजन होगा,जबकि 29 अगस्त से शुरू हुई सांसद खेलकूद प्रतियोगिता आगामी 25 सितंबर तक चलेगी।
इस अवसर पर अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी राहुल राज रस्तोगी,जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा,भाजयुमो जिलाध्यक्ष संदीप वर्मा,जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पांडेय,जिला मीडिया संयोजक अवधेश पांडेय और नगर अध्यक्ष सौरभ तुलस्यान मौजूद रहे।

