बलरामपुर।शिक्षा क्षेत्र उतरौला में बुधवार को लोकतंत्र सेनानी,समाजसेवी चौधरी इरशाद अहमद ने सीएम योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी उतरौला अभय प्रताप सिंह को दिया है।
दिए गए ज्ञापन में लिखा है कि विकास खंड उतरौला की ग्राम पंचायत मिर्जापुर में संचालित राजकीय इंटर कॉलेज में शिक्षक व संसाधनों की भारी कमी है। विद्यालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य पिछड़े व अति पिछड़े क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना था। लेकिन यहां शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में शिक्षा का स्तर प्रभावित हो रहा है।
कॉलेज की स्थापना के बावजूद स्थानीय विद्यार्थियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे क्षेत्र के गरीब,अल्पसंख्यक व पिछड़े वर्ग के बच्चों का भविष्य अंधकार में है। शासन द्वारा घोषित शैक्षिक सत्र 2025 तक सभी विद्यालयों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की योजना के बावजूद परीरिया मिर्जापुर के इंटर कॉलेज की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
लोकतंत्र सेनानी चौधरी इरशाद अहमद गद्दी ने मांग की है कि विद्यालय में तुरंत प्रभाव से शिक्षकों की नियुक्ति की जाए व आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही इस प्रकरण में जिम्मेदार जिला विद्यालय निरीक्षक बलरामपुर के विरुद्ध जांच कर कठोर कार्रवाई करने की भी मांग की है।
ज्ञापन देने के दौरान उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही कॉलेज में शिक्षकों व संसाधनों की व्यवस्था नहीं की गई तो क्षेत्र के विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान में लेकर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाए।
इस मौके पर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधार को लेकर अपनी गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि गरीब व ग्रामीण परिवेश के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना ही समाज और देश के विकास की असली नींव है।

